श्याम नाम की गूंज से गूंजा गाजियाबाद

गाजियाबाद। श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अनुपम संगम इन दिनों गाजियाबाद में देखने को मिल रहा है। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर परिसर में श्री खाटू श्याम के लाडले परिवार समिति, गाजियाबाद द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भव्य श्री श्याम मिलन महोत्सव का शुभारंभ भक्ति और उल्लास के साथ हुआ। इस दिव्य आयोजन की अध्यक्षता मठ के पीठाधीश्वर, जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता एवं दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज कर रहे हैं।


महोत्सव के पहले दिन बाबा श्याम के संगीतमय नगर भ्रमण ने पूरे शहर को श्याममय कर दिया। नगर भ्रमण का शुभारंभ स्वयं श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “खाटू श्याम भगवान श्रीकृष्ण का ही स्वरूप हैं, जो हारे हुए को सहारा देते हैं और भक्तों को भवसागर से पार लगाते हैं।”


दूधेश्वर नाथ मंदिर से शुरू हुआ बाबा श्याम का रथ नगर के प्रमुख बाजारों से होकर गुज़रा। मार्ग में जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा कर, आरती उतारकर बाबा का स्वागत किया। भव्य रथ, अलौकिक श्रृंगार और भक्तिमय संगीत नगर भ्रमण का मुख्य आकर्षण रहा। घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में नगर भ्रमण का विश्राम हुआ, जहां भक्तों ने प्रसाद वितरण भी किया।


सेवा भी, समर्पण भी


25 जनवरी को रामलीला मैदान स्थित जानकी भवन में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य, नेत्र जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल, दरियागंज (नई दिल्ली) के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच, मोतियाबिंद ऑपरेशन, शुगर व बीपी जांच तथा चश्मों का वितरण किया जाएगा।

इसके साथ ही यशोदा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं कैंसर इंस्टिट्यूट के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर लगेगा, जिसमें बीपी, शुगर, पीएफटी और दंत जांच निःशुल्क होगी।

एमएमजी अस्पताल के सहयोग से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा।


कन्यादान से भजन संध्या तक भक्ति का महासागर


26 जनवरी को श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज की अध्यक्षता में दिन में कन्यादान महादान के अंतर्गत शुभ विवाह समारोह आयोजित होगा।

रात्रि में महाराजश्री के पावन सानिध्य में श्री श्याम मिलन महोत्सव सजेगा, जहां देश के प्रसिद्ध भजन गायक श्याम भजनों की गंगा प्रवाहित करेंगे।


बाबा श्याम का भव्य दरबार, अलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग और श्याम रसोई श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। इस अवसर पर श्याम भक्तों को संत कथा व्यास विजय कौशल महाराज एवं आध्यात्मिक गुरु पवन सिंघा का भी आशीर्वाद प्राप्त होगा।


भक्ति, सेवा और समर्पण से सजा यह महोत्सव गाजियाबाद को तीन दिनों तक श्याममय बनाए रखेगा।