Hindu Astha

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को ही मनाना शास्त्र सम्मत, व्रत और उद्यापन को लेकर पंडित कौशल दत्त शर्मा ने दूर किया भ्रम



देवउठनी एकादशी 2026: स्मार्त गृहस्थियों के लिए 20 नवंबर को व्रत, उद्यापन और तुलसी विवाह करना श्रेष्ठ; वैष्णव संप्रदाय 21 नवंबर को करेगा एकादशी व्रत।


नीमकाथाना (राजस्थान)। देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह की तिथि को लेकर इस वर्ष श्रद्धालुओं के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विशेष रूप से एकादशी व्रत एवं उद्यापन को लेकर अलग-अलग पंचांगों में दिखाई दे रहे मतभेदों के बीच ज्योतिषाचार्य एवं संस्कृत शिक्षा के सेवानिवृत्त प्राचार्य पंडित कौशल दत्त शर्मा ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उनके अनुसार स्मार्त मत का पालन करने वाले गृहस्थ श्रद्धालुओं के लिए 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को एकादशी व्रत एवं उद्यापन करना शास्त्र सम्मत और श्रेयस्कर रहेगा।


20 नवंबर को ही करें एकादशी व्रत एवं उद्यापन

पंडित कौशल दत्त शर्मा के अनुसार देश के विभिन्न पंचांगों के आधार पर स्मार्त मतावलंबी गृहस्थियों के लिए एकादशी व्रत एवं उद्यापन के निमित्त पूजा-पाठ 20 नवंबर को करना उचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दृक् पक्षीय पंचांगों में इस दिन एकादशी तिथि के क्षय को लेकर कुछ लोगों द्वारा उद्यापन नहीं करने की सलाह दी जा रही है, जो उनके मत में उचित नहीं है।


उन्होंने कहा कि तिथि क्षय का भय दिखाकर श्रद्धालुओं को भ्रमित नहीं करना चाहिए। गृहस्थ श्रद्धालुओं को शास्त्रीय विधान के अनुसार निर्भय होकर व्रत एवं उद्यापन करना चाहिए।


पहली बार व्रत और उद्यापन में रखें इन बातों का ध्यान

ज्योतिषाचार्य के अनुसार पहली बार एकादशी व्रत का संकल्प लेने तथा जीवन में एकादशी व्रत का उद्यापन करने के लिए मलमास एवं गुरु-शुक्र अस्त की अवधि से बचना चाहिए। ऐसे समय में व्रत का आरंभ और उद्यापन करना उचित नहीं माना गया है।


उद्यापन में प्रदोषकाल का विशेष महत्व

पंडित शर्मा ने बताया कि एकादशी उद्यापन के निमित्त 20 नवंबर को निशामुख अर्थात प्रदोषकाल में हवन आदि धार्मिक कर्म संपन्न करने चाहिए। कुछ लोग इन कर्मों को निशीथ काल तक करते हैं, लेकिन उनके अनुसार यह उचित नहीं है।


उद्यापन के दिन रात्रि में भगवान के निमित्त जागरण करना चाहिए। शास्त्रीय प्रमाण के रूप में उन्होंने कहा है— 'यजेच्च निशामुखे'।


इसके बाद 21 नवंबर को दंपती रूप में ब्राह्मणों को भोजन करवाने का विधान बताया गया है।


वैष्णव संप्रदाय 21 नवंबर को करेगा व्रत

पंडित कौशल दत्त शर्मा के अनुसार स्मार्त और वैष्णव मत में एकादशी व्रत की तिथि अलग-अलग निर्धारित हो सकती है। स्मार्त गृहस्थ 20 नवंबर को व्रत करेंगे, जबकि वैष्णव संप्रदाय के अनुयायी 21 नवंबर को द्वादशी के दिन व्रत करेंगे। वैष्णव परंपरा में देव प्रबोधन भी द्वादशी को किया जाता है।


देव प्रबोधन और तुलसी विवाह 20 नवंबर को करना श्रेष्ठ

देवउठनी एकादशी भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने का पावन पर्व है। पंडित शर्मा के अनुसार स्मार्त परंपरा में 20 नवंबर की रात्रि को ही देव प्रबोधन करना तथा इसी दिन तुलसी विवाह संपन्न करना शास्त्रीय दृष्टि से उचित है।


उन्होंने यह भी बताया कि तुलसी विवाह केवल देवउठनी एकादशी तक सीमित नहीं है। आंवला नवमी से लेकर भीष्म पंचक तक शुभ नक्षत्रों में भी तुलसी विवाह किया जा सकता है।


देवउठनी एकादशी पर विवाह के अबूझ मुहूर्त भी 20 नवंबर को


देवउठनी एकादशी को विवाह सहित अनेक मांगलिक कार्यों के लिए अबूझ मुहूर्त माना जाता है। पंडित कौशल दत्त शर्मा के अनुसार इस वर्ष देवउठनी एकादशी से जुड़े विवाह आदि मांगलिक कार्यों के लिए 20 नवंबर का दिन ही अधिक श्रेयस्कर है, न कि 21 नवंबर।


पंडित कौशल दत्त शर्मा का संदेश: एकादशी व्रत, उद्यापन, देव प्रबोधन एवं तुलसी विवाह को लेकर श्रद्धालुओं को अनावश्यक भ्रम में नहीं पड़ना चाहिए। अपने संप्रदाय और परंपरा के अनुसार शास्त्रीय विधान का पालन करना चाहिए।


जानकारी देने वाले:

पंडित कौशल दत्त शर्मा

ज्योतिषाचार्य एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य, संस्कृत शिक्षा

नीमकाथाना, राजस्थान

संपर्क: 9414467988