Hindu Astha

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

महालय श्राद्ध तिथि निर्णय 2026 | श्राद्ध की सही तिथि, समय और विधि

डॉ कौशल दत्त शर्मा ,सेवानिवृत्त प्राचार्य- संस्कृत शिक्षा 

नीमकाथाना राजस्थान 



महालय श्राद्ध तिथि निर्णय


या तिथिर्यस्य मासस्य मृताहे तु प्रवर्तते।

सा तिथि: प्रेतपक्षस्य पूजनीया प्रयत्नतः।।


श्राद्धपक्ष में दाहतिथि या मृत्युतिथि के दिन अपने दिवंगतों का श्राद्ध करना श्रेयस्कर है। महालयों में पार्वण विधि से श्राद्ध करना चाहिए।


(पुराकाल में जिस क्षेत्र में अग्निहोत्री ब्राह्मणों की मान्यता रही हो वहां दाहतिथि और जहां निरग्निक ब्राह्मणों का वर्चस्व रहा हो वहां मृत्युतिथि ग्रहण करते हैं)


हमारे मरु प्रदेश में इन महालयों/कन्यागतों में दो प्रकार के श्राद्धों का प्रचलन है।-


1. मृतक को विषम वर्षों में पितरों में मिलाना अर्थात् पार्वण विधि से श्राद्ध। पार्वणश्राद्ध में दिन के दो भाग पूर्वाह्न-अपराह्न मानकर दिनार्ध बाद अपराह्न की तिथि ग्रहण की जाती है।

2. मृतक की दाहतिथि/मृत्युतिथि के दिन श्राद्ध करना अर्थात् एकोदिष्ट विधि से श्राद्ध। एक व्यक्ति के उद्देश्य से किये जाने वाले श्राद्ध में स्थूल रूप से दिनमान के 10-10 घटी के तीन भाग- पूर्वाह्न मध्याह्न अपराह्न मानकर मध्याह्न व्यापिनी तिथि ग्रहण की जाती है।


सरल भाषा में हमारे यहां इन महालयों में एक व्यक्ति के उद्देश्य से दस-ग्यारह बजे बाद मध्याह्न व्यापिनी तिथि में ब्राह्मण भोजन होता है और पार्वण अर्थात् पितरों में मिलाये जाने पर बारह बजे बाद अपराह्न व्यापिनी तिथि में ब्राह्मण भोजन होता है जो पूर्णतः शास्त्रीय है।


कृष्ण पक्ष में अपराह्न में एवं शुक्ल पक्ष के पूर्वाह्न में श्राद्ध करें। परन्तु दिन के नौवें रौहिणेय मुहूर्त तक सम्पन्न कर लें।-


शुक्लपक्षस्य पूर्वाह्ने श्राद्धं कुर्याद्विचक्षण:।

कृष्णपक्षेऽपराह्ने च रौहिणं न तु लङ्घयेत्।।


परन्तु पूर्णिमा का पार्वण तो अपराह्न में ही करना चाहिए।


विशेष परिस्थिति को छोड़कर पांच भाग वाले दिनमान के प्रातःकाल और सायाह्नकाल में पार्वणश्राद्ध नहीं करना चाहिए। 


अर्थात् सूर्योदय के पश्चात् और सूर्यास्त के पूर्व तीन मुहूर्त अर्थात् छः घटी अर्थात् 144 मिनट तक श्राद्ध नहीं करना चाहिए।-


सायाह्नस्त्रिमुहूर्त: स्याच्छ्राद्धं तत्र न कारयेत्।


श्राद्ध का श्रेष्ठ समय-


श्राद्धकाल का सबसे श्रेष्ठ समय दिन के पंद्रह मुहूर्तों में दिन के मध्य भाग वाला आठवां अभिजित मुहूर्त अर्थात् कुतपकाल और नौंवा  रौहिणेय मुहूर्त है। 

स्थूल रूप से इन दोनों मुहूर्तों के 96 मिनट अत्यन्त श्रेयस्कर हैं।


हमारे मरुप्रदेश में कन्यागतों में कुतप अर्थात् अभिजित् मुहूर्त और रौहिणेय मुहूर्त का स्थूल समय प्राय: 11.30 से डेढ़ - दो बजे तक रहता है। इस बीच श्राद्ध के अङ्गीभूत कर्म सम्पन्न करने से परिवार में सर्वविध अनुकूलता एवं अभ्युदय बने रहते हैं।


वैसे पितरों के निमित्त श्रद्धापूर्वक श्राद्ध कभी भी करें पर करें अवश्य।


श्राद्ध की तिथियां निम्नानुसार हैं -


1. पूर्णिमा का श्राद्ध 26 सितम्बर शनिवार।

2. प्रतिपदा का श्राद्ध 27 सितम्बर रविवार को।

3. द्वितीया का श्राद्ध 28 सितम्बर सोमवार को।

4. तृतीया का श्राद्ध 29 सितम्बर मंगलवार को।

5. चतुर्थी का श्राद्ध 30 सितम्बर बुधवार को।

6. पंचमी का श्राद्ध 01 अक्टूबर गुरुवार 12.36 तक।

7. षष्ठी का श्राद्ध 01 अक्टूबर गुरुवार 12.36 बाद।

8. सप्तमी का श्राद्ध 02 अक्टूबर शुक्रवार को।

9. अष्टमी का श्राद्ध 03 अक्टूबर शनिवार को।

10. नवमी का श्राद्ध 04 अक्टूबर रविवार को।

11. दशमी का श्राद्ध 05 अक्टूबर सोमवार को।

12. एकादशी का श्राद्ध 06 अक्टूबर मंगलवार को।

13. द्वादशी का श्राद्ध 07 अक्टूबर बुधवार को।

14. त्रयोदशी का श्राद्ध 08 अक्टूबर गुरुवार को। 

15. चतुर्दशी का श्राद्ध 09 अक्टूबर शुक्रवार को।

16. अमावस्या का श्राद्ध 10 अक्टूबर शनिवार को। 

17. मातामहादि का प्रतिपत् श्राद्ध 11 अक्टूबर रविवार को, जो आवश्यकता में दौहित्र द्वारा करणीय है, यह सभी के लिए आवश्यक नहीं है।


विशेष वचन -

पौर्णमासीमृतस्यापि पौर्णमास्यामेव कुर्यादिति श्राद्धकाशिकाकार:।

अर्थात् पौर्णमासी का श्राद्ध  प्रौष्ठपदी अर्थात् भाद्रपद पौर्णमासी को ही करना चाहिए। 

चतुर्दश्यां मृतस्यापि चतुर्दश्यां श्राद्धं कुर्यात्।

चतुर्दशी को मृत्यु वालों का श्राद्ध चतुर्दशी में ही करना चाहिए। इस दिन विष-शस्त्र आदि से मृत्यु को प्राप्त मृतकों का श्राद्ध भी लिखा है।


मृततिथावेव क्रियमाणे नन्दादितिथिर्न वर्जनीया।


अर्थात् मृत्यु तिथि/दाह तिथि कोई भी हो उसी दिन श्राद्ध करें इसमें नन्दा आदि तिथियों का दोष नहीं है। ये पृथक् कर्म में त्याज्य कही गयी हैं।


अत्र देशाचाराद् व्यवस्था ज्ञेया।


लोकाचार और कुल परम्परा के अनुसार श्राद्धादिक करने से अक्षय्य पुण्य प्राप्त होता है।


पुनः कहना चाहूंगा कि महालय श्राद्ध प्रतिवर्ष पार्वण विधि से करने चाहिए।-


पार्वणेनैव विधिना तत्र श्राद्धं विधीयते।


पार्वणश्राद्ध में अपराह्न व्यापिनी तिथि ग्रहण करनी चाहिए। पूर्णिमा सहित सभी 17 दिन के षोडशश्राद्ध पार्वणविधि से नवदैवत्य करें।-


पार्वण श्राद्धेऽपराह्नव्यापिनी तिथि: ग्राह्या इत्युक्त्वात् पार्वण श्राद्धे पूर्णिमा अत्र अपराह्न व्यापिनी ग्राह्या।


पांच पर्वदिवस कहे हैं शास्त्रों में -


चतुर्द्दश्यष्टमी चैव अमावास्याथ पूर्णिमा।

 पर्व्वाण्येतानि राजेन्द्र रविसंक्रान्तिरेव च॥



हमारे यहां लोकाचार में महालयों में मृतक को पितरों में मिलाने के वर्ष में ही पार्वण श्राद्ध किया जाता है।


वैसे महालयों में प्रतिवर्ष सत्रह दिन, षोडश दिन, पंद्रह दिन, दस दिन, पांच दिन या त्याज्य तिथि नक्षत्र को छोड़कर एक दिन सभी पितरों की प्रसन्नता के लिए पार्वण श्राद्ध करना चाहिए।


किसी कारणवश या भूलवश तिथि पर श्राद्ध नहीं हो पाएं तो अमावास्या के दिन सर्वपितृ श्राद्ध कर लें।


शास्त्र कहते हैं अधिक न हो सके तो पिता की श्राद्ध तिथि के दिन सभी पितरों की प्रसन्नता के लिए पार्वण तो अवश्य करना चाहिए। उस दिन कम से कम तीन ब्राह्मणों को भोजन करवाना चाहिए। फिर सबका पृथक् करने की अनिवार्यता नहीं है।


सौभाग्यवती स्त्री का पति के साथ श्राद्ध करना चाहें तो मातृनवमी के दिन ब्राह्मण पति-पत्नी को श्राद्ध भोजन करवाना चाहिए।


जो भी दिवंगत हुए हैं उनकी दाह तिथि/मृत्यु तिथि के दिन एक ब्राह्मण को भोजन करवाने की विशुद्ध सी परम्परा है। 


पुनश्च सरलीकरण


पार्वण श्राद्ध में दिन के दो भाग पूर्वाह्न और अपराह्न मानते हुए दिनार्ध के बाद की तिथि को ग्रहण करें।-


प्रहरद्वयादूर्ध्वमपराह्न इति ज्ञापयति।

अर्थात् दो प्रहर के बाद अपराह्न कहा गया है।


और भी कहा है -

श्रुतौ स्मृतौ च पूर्वाह्नापराभ्यामपि दिनविभागादित्यन्तम्। तस्माद्रात्रे: पूर्वापरार्द्धरात्रविभागवदह्नोऽपि पूर्वाह्नापराह्नविभागेनैव द्विधाविभाग:।


इसी पक्ष को महर्षि मनु सुदृढ़ कर रहे हैं-


यथा चैवापर: पक्ष: पूर्वपक्षाद्विशिष्यते।

तथा श्राद्धस्य पूर्वाह्नादपराह्नो विशिष्यते।।


अतः दोपहर (द्विप्रहर) बाद अपराह्न है। ज्यों ही सूर्य मध्य दिन से पश्चिम की ओर ढलना प्रारम्भ होता है तत्काल अपराह्न प्रारम्भ हो जाता है। और पार्वण श्राद्ध के लिए उस समय की तिथि को ही ग्रहण करना चाहिए।


दिन के पांच भाग कर अपराह्न काल मानना निर्मूल है। इसमें त्रुटिपूर्ण व्यवस्था में सुधार करना ही होगा। पांच भाग तो सायाह्न में श्राद्ध निषेध के लिए ग्रहण किया गया है।-


सायाह्नस्त्रिमुहूर्त्त: स्याच्छ्राद्धं तत्र न कारयेत्।


जो श्राद्ध में केवल एक ब्राह्मण को भोजन करवाते हैं उनके लिए व्यवस्था -


जो महाशय श्राद्धों में अपनों की मृत्युतिथि को पार्वण न करवाकर एक ही व्यक्ति को भोजन करवाते हैं उन्हें दिन के तीन भाग- पूर्वाह्न मध्याह्न अपराह्न मानते हुए मध्याह्न में ब्राह्मण को श्राद्ध भोजन करवाना चाहिए।


दिन के तीन भाग-

पूर्वापराह्नयोरेकैकदेशाभ्यां मध्यन्दिनं पृथक् कृत्वैकोद्दिष्टादिश्राद्ध विधानार्थम्।


अर्थात् एक ब्राह्मण को भोजन करवाना है तो मध्याह्न में ही करवाना चाहिए। न कि अपराह्न में। स्थूल रूप से मध्याह्न समय मध्यदिवस से डेढ़ घंटे पूर्व और डेढ़ घंटे बाद तक रहता है। यह भी एक सुदृढ़ पक्ष है।


क्षमा करें ये मेरे वचन नहीं है ये शास्त्रीय आदेश हैं। आप सभी विद्वज्जनों से विनम्र अनुरोध है कि इन वचनों का पूर्ण मनोयोग से चिन्तन कर पालन करेंगे तो ही माननीय पंचांगकर्ता भी श्राद्धकाल पर  पुनर्विचार करेंगे।।


पूर्णिमा या अन्य श्राद्ध पूर्णिमा को नहीं कर सकें तो अमावास्या को करने के आदेश हैं। यह एक वैकल्पिक व्यवस्था है न कि अनिवार्यता।


मृत्युतिथि/दाहतिथि के दिन श्राद्ध करने वालों के लिए भरणी कृतिका मघा मातृनवमी शस्त्रहत आदि के श्राद्ध का कोई औचित्य नहीं है। और गृहस्थी के लिए संन्यासियों के श्राद्ध का भी कोई औचित्य नहीं है।


यदि कोई मृत्यु तिथि या दाहतिथि का श्राद्ध नहीं कर पाता है तो भरणी आदि के श्राद्ध का शास्त्रीय विधान जानने वाले योग्य आचार्य से श्राद्ध सम्पन्न कराया जा सकता है। परन्तु निषिद्ध नन्दादि तिथ्यादि में न करें।


ये निषिद्ध श्राद्ध भी पंचांगों में लिखे रहते है पर इनका आम आदमी से कोई संबंध नहीं है। ये सब विशेष श्राद्ध हैं।


सभी को अपने पितरों का श्राद्ध अवश्य करना चाहिए। जो भी दिवंगत आत्मा हैं वे पितर श्रेणी में हैं।


अधिक न हो सकें तो निषिद्ध दिनों को छोड़कर पितरों की तृप्ति के लिए एक दिन तो श्राद्ध अवश्य करें।-

तदशक्तावनिषिद्धे एकस्मिन् दिने वा कुर्यात्।


श्राद्ध न करने पर -

न तत्र वीरा जायन्ते निरोगा न शतायुषाः।

न च श्रेयोऽधिगच्छन्ति यत्र श्राद्धं विवर्जितम्।।

श्राद्धमेतन्न कुर्वाणो नरकं प्रतिपद्यते।। 


अर्थात् पितरों के श्राद्ध नहीं करने से घर में होने सन्तान न निरोगी, न वीर और न दीर्घायु होती है। किसी भी प्रकार का कल्याण नहीं होता। इस परम पवित्र काल में श्राद्ध न करने से नरक में जाना पड़ता है।


श्राद्ध करने से -

आयुः प्रजा धनं विद्यां स्वर्गं मोक्षं सुखानि च।

राज्यं चैव प्रयच्छन्ति प्रीताः पितृगणा नृणाम्।। 


अर्थात पितरों को प्रसन्नता से आयु पुत्र धन विद्या स्वर्ग मोक्ष सुख तथा राज्य प्राप्त होता है। अतः पितरों के अक्षय्य पुण्य तृप्ति के लिए अपने दिवंगतों का श्राद्ध अवश्य करें।


विशेष प्रश्न -

कतिपय लोग प्रश्न करते हैं कि पिता आदि की मृत्यु के प्रथम वर्ष में किसी का श्राद्ध करें या नहीं करें। 

विद्वज्जनों ने स्पष्ट कहा है कि परिवारजनों को ऐसी स्थिति में श्राद्ध आदि नहीं करने चाहिए।-


न दैवं नापि वा पित्र्यं यावत्पूर्णो न वत्सर।। 


और भी कहा है -


पितृ श्राद्धं गया श्राद्धं श्राद्धं चापर पाक्षिकं।

प्रथमेऽब्दे न कुर्व्वीत कृतेऽपि सपिण्डनम्।।


गया श्राद्ध करने के बाद क्या श्राद्ध बंद कर दें? जी नहीं। कम से कम पितादि के श्राद्ध तर्पण तो करने ही चाहिए।


किसी कारणवश आश्विन कृष्ण पक्ष में श्राद्ध नहीं कर सकें तो पितरों की प्रसन्नता के लिए कब तक श्राद्ध कर सकते हैं। कार्तिक अमावस्या दीपावली तक या वृश्चिक राशि में सूर्य प्रवेश करने तक पितरों के निमित्त श्रद्धापूर्वक श्राद्ध करना चाहिए।


श्राद्ध का विस्तार अर्थात् दिखावा करना या अधिक लोगों को भोजन करवाना अत्यन्त दोषपूर्ण है।


पितृश्राद्ध योग्य पंडितों से करवाना चाहिए। कहा है -


पित्र्ये कर्मणि सम्प्राप्ते परीक्षेत प्रयत्नतः।।


इसलिए शास्त्रों में लिखा है कि देवपितृकार्याभ्यां न प्रमदितव्यम्।। 

महालयों में पितरों को पक्षत्रयनिवासी कहा है। अतः 17 दिन के श्राद्धों का विषेश महत्त्व है।


डॉ कौशल दत्त शर्मा 

सेवानिवृत्त प्राचार्य- संस्कृत शिक्षा 

नीमकाथाना राजस्थान 

9414467988

---------------------------------------------------------------------------------------------------------------

लेखक: [डॉ कौशल दत्त शर्मा ,सेवानिवृत्त प्राचार्य- संस्कृत शिक्षा]


लेखक की अनुमति से प्रकाशित


यह लेख [डॉ कौशल दत्त शर्मा ,सेवानिवृत्त प्राचार्य- संस्कृत शिक्षा] द्वारा लिखा गया है और उनकी अनुमति से HINDU ASTHA वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। इस लेख की मूल सामग्री पर लेखक के अधिकार सुरक्षित हैं। बिना लेखक की अनुमति के इस सामग्री को पूर्ण या आंशिक रूप से कॉपी, पुनर्प्रकाशित या अन्यत्र प्रकाशित न करें।


Published on: HINDU ASTHA

Website: www.hinduastha.com

© [डॉ कौशल दत्त शर्मा ,सेवानिवृत्त प्राचार्य- संस्कृत शिक्षा] | All Rights Reserved